लाखों खर्च के बाद भी शो पीस बने वाटर कूलर
लंढौरा (मांगेराम गौर)
नगर पंचायत की ओर से लाखों रुपये की लागत से कस्बे में जगह-जगह लगाए गए आरओ वाटर कूलर शोपीस बने धूल फांक रहे हैं। जिसके चलते राहगीर व दुकानदार प्यासे रहने को मजबूर हैं। खराब पड़े इन वाटर कूलरों को लेकर नगर पंचायत का कोई भी जिम्मेदार कर्मचारी या अधिकारी सुधि लेने को तैयार नहीं है।
अप्रैल माह में प्रचण्ड गर्मी की मार पड़ रही है। हर कोई गर्मी के कारण हाल बेहाल नजर आ रहा है। भयंकर गर्मी से ठंडे पानी की किल्लत न हो इसलिए नगर पंचायत द्वारा करीब चार वर्ष पूर्व कस्बे के बस स्टैंड,रेलवे स्टेशन मार्ग,गाधारोणा मार्ग,मेन बाजार,रुड़की-लक्सर मार्ग तथा कस्बे के धार्मिक स्थलों पर राहगीरों,दुकानदारों व लोगों को भीषण गर्मी में शुद्ध व ठंडा पानी उपलब्ध कराने के लिए लाखों रुपये की लागत से आरओ लगवाए थे। आज आलम यह है। जिन स्थानों पर कूलर रखे हुए हैं, वह चालू नहीं हैं। बीते कुछ दिनों से भीषण गर्मी हो जाने के बाद भी नगर पंचायत ने खराब पड़े इन आरओ को ठीक तक कराने की ओर ध्यान नहीं दिया। कांग्रेस नेता मौहम्मद तहसीन, समाजसेवी डाक्टर नसीम अहमद,नीटू नायक,शहजाद, अखलाक,सुनील अग्रवाल, मौहम्मद कामिल,राहुल,जुल्फिकार अली, अनिल भगत,शाहिब राणा,करेशन पाल आदि लोगों का कहना है कि कस्बे में खराब पड़े आरओ वाटर कूलरों को ठीक कराने के लिए नगर पंचायतकर्मियों को कई बार कहा, परंतु लापरवाही के चलते आरओ ठीक नहीं कराये गए, जिससे राहगीर भीषण गर्मी में ठंडे पानी को तरस रहे हैं। कस्बे के रुड़की-लक्सर मार्ग व मंगलौर मार्ग व रेलवे स्टेशन मार्ग,रंगमहल मार्ग,मेन बाजार व गाधारोणा-शिकारपुर मार्ग पर दूर-दूर तक कोई हैंडपंप भी नहीं है। अधिशासी अधिकारी राजकुमार भारती का कहना है कि खराब पड़े आरओ को लेकर नगर पंचायत खराब पड़े आरओ को लेकर सर्वे करायेगी सर्वे रिपोर्ट आने के बाद प्रशासक को रिपोर्ट भेज कर जल्द ही खराब पड़े आरो को ठीक कराया जाएगा।


