जूना अखाड़े की भव्य नगर प्रवेश यात्रा पहुंची हरिद्वार, पुष्पवर्षा कर साधु-संतों का किया भव्य स्वागत
![]()
रिपोर्ट ; लक्ष्मण कश्यप
हरिद्वार। श्री पंचदशनाम जूना अखाड़े की भव्य नगर प्रवेश यात्रा मंगलवार को धर्मनगरी हरिद्वार पहुंची। हरिद्वार की सीमा में प्रवेश करते ही श्यामपुर और चंडी चौकी पर स्थानीय श्रद्धालुओं, समाजसेवियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने पुष्पवर्षा कर साधु-संतों का जोरदार स्वागत किया।
ढोल-नगाड़ों, पारंपरिक वाद्ययंत्रों और अखाड़े की धर्मध्वजा के साथ निकली यात्रा में नागा संन्यासी और महामंडलेश्वर रथों पर सवार होकर शामिल हुए। संतों के दर्शन के लिए मार्ग के दोनों ओर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। इस दौरान पूरा क्षेत्र हर-हर महादेव के जयघोष से गूंज उठा।
यात्रा चंडी चौकी से श्री बिल्केश्वर महादेव मंदिर होते हुए ज्वालापुर स्थित गूगामेड़ी पहुंचेगी। यहां साधु-संत अपनी निर्धारित छावनी में विश्राम करेंगे। आगामी धार्मिक अनुष्ठानों और शाही स्नान की तैयारियों को लेकर अखाड़े में गतिविधियां तेज हो गई हैं। यात्रा को लेकर पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा और यातायात के व्यापक इंतजाम किए हैं।



