कार्तिक पूर्णिमा स्नान पर्व को लेकर हरिद्वार में तैयारियां तेज, 8 जोन और 30 सेक्टरों में तैनात होंगे मजिस्ट्रेट
रिपोर्ट : लक्ष्मण कश्यप
हरिद्वार, 22 नवंबर। आगामी 24 नवंबर को होने वाले कार्तिक पूर्णिमा स्नान पर्व को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। देश के विभिन्न राज्यों से लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने सुरक्षा, यातायात और व्यवस्थाओं को लेकर विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
स्नान पर्व को सकुशल संपन्न कराने के लिए पूरे जनपद को 8 जोन और 30 सेक्टरों में विभाजित किया गया है। हरकी पैड़ी, सुभाष घाट, खड़खड़ी, अपर रोड, सिंहद्वार, बाईपास और मनसा देवी मंदिर सहित प्रमुख क्षेत्रों में जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात रहेंगे। अधिकारियों की ड्यूटी 23 नवंबर सुबह 10 बजे से 24 नवंबर को स्नान पर्व की समाप्ति तक रहेगी।
जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को पुलिस के साथ समन्वय बनाकर भीड़ नियंत्रण, यातायात संचालन और कानून व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। आपात स्थिति से निपटने के लिए रोशनाबाद स्थित जिला आपदा प्रबंधन कार्यालय में 24 घंटे कंट्रोल रूम संचालित रहेगा। इसके लिए हेल्पलाइन नंबर 7351428593 जारी किया गया है।
इसके अलावा प्रमुख घाटों पर चिकित्सा सुविधाएं, पेयजल, निर्बाध बिजली, सफाई, अग्निशमन और पार्किंग की व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए हैं। मनसा देवी मंदिर में ट्रॉली संचालन और पैदल मार्ग पर भी विशेष निगरानी रहेगी। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि ड्यूटी में लापरवाही या अनुपस्थिति पर संबंधित अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।



