*मां को अंतिम विदाई देकर देश के कर्तव्य पथ पर निकल पड़े उत्तराखंड के लाल योगी आदित्यनाथ, जज्बे को सलाम*
*एक ओर मां को खोने का असहनीय दुख, दूसरी ओर देश और प्रदेश के प्रति जिम्मेदारियों का निर्वहन… योगी के इस फैसले ने पेश की कर्तव्यनिष्ठा की मिसाल*
रिपोर्ट ; मोहित प्रधान
हरिद्वार। मां को खोने का दुख शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता। जीवन में मां की जगह कोई नहीं ले सकता, लेकिन उत्तराखंड की पावन धरती के लाल और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने व्यक्तिगत दुख की इस घड़ी में जिस तरह अपने कर्तव्यों को प्राथमिकता दी, उसने एक बार फिर उनकी कर्तव्यनिष्ठा और दृढ़ इच्छाशक्ति को सामने ला दिया।
21 नवंबर को हरिद्वार के चंडीघाट पर अपनी 91 वर्षीय माता सावित्री देवी को अंतिम विदाई देने के बाद योगी आदित्यनाथ लखनऊ रवाना हो गए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उपस्थिति में आयोजित पांचवें कौशल दीक्षांत समारोह में उन्होंने हिस्सा लिया। यह कार्यक्रम युवाओं के कौशल विकास, प्रशिक्षण और रोजगार के बेहतर अवसरों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित किया गया था।
एक तरफ वह बेटा था, जिसने कुछ घंटे पहले ही अपनी मां को अंतिम विदाई दी थी, तो दूसरी तरफ वह जनसेवक था, जिसे लाखों लोगों के प्रति अपनी जिम्मेदारियां निभानी थीं। केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी ने भी इस कठिन समय में कार्यक्रम में उनकी उपस्थिति और कर्तव्य के प्रति समर्पण की सराहना की।
उत्तराखंड की मिट्टी में जन्मे इस लाल को सलाम, जिसने मां के आंचल की छांव खोने के असहनीय दर्द के बीच भी अपनी जिम्मेदारियों से मुंह नहीं मोड़ा। मां तो मां होती है, लेकिन देश भी करोड़ों लोगों की मां है। अपनी जन्मभूमि और मातृभूमि के प्रति समर्पण की यह भावना हर किसी के लिए प्रेरणा है।
उत्तराखंड को गर्व है अपनी इस माटी के लाल पर।


