श्यामपुर थाने के पास गुलदार की दस्तक, बंदर को बनाया निवाला
सुबह छह बजे ढाबे के पास हुई घटना से व्यापारियों और राहगीरों में दहशत, वन विभाग ने बढ़ाई गश्त
रिपोर्ट ; लक्ष्मण कश्यप 
श्यामपुर। कोतवाली श्यामपुर के पास गुरुवार सुबह गुलदार की दस्तक से हड़कंप मच गया। थाने से महज कुछ कदम की दूरी पर वन क्षेत्र से सटे एक ढाबे के पास गुलदार ने बंदर का शिकार कर उसे निवाला बना लिया। घटना सुबह करीब छह बजे की बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गुलदार अचानक ढाबे के पास पहुंचा और बंदर पर हमला कर दिया। घटना के बाद आसपास के व्यापारियों और राहगीरों में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों में गुलदार की आवाजाही को लेकर चिंता बनी हुई है।
श्यामपुर रेंजर विवेक जोशी ने बताया कि थाने के आसपास गुलदार की आवाजाही की सूचना मिली है। वन विभाग की टीम ने मौके पर सतर्कता बढ़ाते हुए क्षेत्र में गश्त तेज कर दी है। उन्होंने बताया कि आबादी क्षेत्र में गुलदार के प्रवेश की फिलहाल पुष्टि नहीं हुई है। घटनास्थल जंगल की सीमा से सटा हुआ है। वन विभाग लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है।


