त्योहारी सीजन को लेकर श्यामपुर वन रेंज अलर्ट, वन्यजीवों की सुरक्षा के लिए सघन गश्त शुरू
संवेदनशील और दुर्गम वन क्षेत्रों में वन कर्मियों की टीमें कर रहीं लंबी दूरी की गश्त, अवैध शिकार पर रहेगी विशेष नजर।
रिपोर्ट; मोहित
प्रधान
श्यामपुर। आगामी त्योहारी सीजन को देखते हुए श्यामपुर वन रेंज में वन एवं वन्यजीवों की सुरक्षा के लिए सतर्कता बढ़ा दी गई है। वन अपराधों, अवैध शिकार और वन संपदा को नुकसान पहुंचाने वाली गतिविधियों की रोकथाम के लिए विशेष गश्ती अभियान चलाया जा रहा है।
अभियान के तहत वन कर्मियों की टीमें गठित कर संवेदनशील और अति संवेदनशील क्षेत्रों में लंबी दूरी की गश्त की जा रही है। इस दौरान दुर्गम वन क्षेत्रों, नदी-नालों, वन मार्गों और वन्यजीवों के आवागमन वाले रास्तों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।
वन क्षेत्राधिकारी विवेक जोशी ने बताया कि सभी कर्मचारियों को मुस्तैदी से गश्त करने और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल उच्चाधिकारियों को देने के निर्देश दिए गए हैं। वन एवं वन्यजीवों की सुरक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।


