राज्य की संपत्तियां लीज के नाम पर बेची जा रहीं: हरीश रावत
पूर्व मुख्यमंत्री ने भाजपा सरकार पर लगाया सरकारी जमीनों को बेचने का आरोप, बोले- भाजपा हटाओ, उत्तराखंड बचाओ
रिपोर्ट; लक्ष्मण कश्यप
हरिद्वार। उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता हरीश रावत ने राज्य की संपत्तियों और जमीनों को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। मीडिया से बातचीत में उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार लीज के नाम पर राज्य की संपत्तियों को औने-पौने दामों पर बेच रही है। लीज देना केवल एक दिखावा है, जबकि असल में संपत्तियों को बेचा जा रहा है।
हरीश रावत ने कहा कि पहले कानूनों में संशोधन कर निजी जमीनों की खरीद-फरोख्त का रास्ता खोला गया और अब सरकारी जमीनों को बेचने की साजिश की जा रही है। उन्होंने चिंता जताते हुए कहा कि आने वाली पीढ़ियों के लिए राज्य की संपत्तियां सुरक्षित नहीं छोड़ी जा रही हैं। कांग्रेस इसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं करेगी।
उन्होंने प्रदेशभर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा किए जा रहे विरोध प्रदर्शन और धरनों की सराहना की। साथ ही कार्यकर्ताओं से राज्य की जमीन और संपत्तियों को बचाने के लिए एकजुट होकर संघर्ष जारी रखने का आह्वान किया। इस दौरान उन्होंने नारा दिया, “भाजपा हटाओ, उत्तराखंड बचाओ”।


