# मेरठ वाली धर्मशाला की रजिस्ट्री निरस्त करने की मांग, तीन दिन का अल्टीमेटम
**राष्ट्रीय धर्मशाला सुरक्षा समिति ने सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा ज्ञापन, शोभा शर्मा और परिवार को सुरक्षा देने की उठाई मांग**
रिपोर्ट; मोहित प्रधान
**हरिद्वार।** राष्ट्रीय धर्मशाला सुरक्षा समिति ने मेरठ वाली धर्मशाला (चंदों देवी ट्रस्ट) की तीन अगस्त को हुई कथित अवैध रजिस्ट्री निरस्त करने की मांग को लेकर सिटी मजिस्ट्रेट कार्यालय पर प्रदर्शन किया। समिति ने सिटी मजिस्ट्रेट को ज्ञापन सौंपकर संपत्ति की जांच कराने और धर्मशाला प्रबंधक शोभा शर्मा व उनके परिवार को सुरक्षा देने की मांग की।
समिति अध्यक्ष महेश गौड़ ने आरोप लगाया कि ताज होटल/प्रसाद हेरिटेज द्वारा मेरठ वाली धर्मशाला को मेरठ भवन दर्शाकर रजिस्ट्री कराई गई है। उन्होंने कहा कि चार पीढ़ियों से धर्मशाला का प्रबंधन देख रहीं शोभा शर्मा को पिछले डेढ़ माह से कथित रूप से धमकियां देकर प्रताड़ित किया जा रहा है।
समिति महामंत्री विकास तिवारी ने बताया कि वर्ष 1995 में धर्मशाला की खरीद-फरोख्त के विवाद के दौरान शोभा शर्मा के पति एवं तत्कालीन प्रबंधक रामप्रकाश शर्मा का अपहरण कर हत्या कर दी गई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान में धर्मशाला में गार्ड बैठाकर तीर्थयात्रियों को भी परेशान किया जा रहा है। मामला जिला न्यायालय और उच्च न्यायालय में विचाराधीन है।
कोषाध्यक्ष शिवकुमार शर्मा ने चेतावनी दी कि तीन दिन में जांच और कार्रवाई नहीं हुई तो सिटी मजिस्ट्रेट कार्यालय पर विशाल धरना दिया जाएगा। इस दौरान संजय त्यागी, विजय भंडारी, योगी गणेश नाथ, रमेश कुमार मिड्ढा, स्वामी गणेश दास और शोभा शर्मा मौजूद रहीं।


