खानपुर विधायक उमेश कुमार का इस्तीफे का ऐलान, उत्तराखंड की राजनीति में हलचल

साढ़े चार साल तक विपक्ष से नहीं मिला सहयोग, फसल बर्बादी समेत जनहित के मुद्दों पर साथ न देने का लगाया आरोप
रिपोर्ट; मोहित प्रधान
हरिद्वार। उत्तराखंड की राजनीति में एक बार फिर हलचल तेज हो गई है। खानपुर से निर्दलीय विधायक उमेश कुमार ने विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा देने का ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि वह कल विधानसभा सत्र समाप्त होने से पहले अपना इस्तीफा सौंप देंगे।
उमेश कुमार ने विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि पिछले साढ़े चार वर्षों से उन्हें जनता के मुद्दों पर विपक्ष के सहयोग की उम्मीद थी, लेकिन उन्हें अपेक्षित समर्थन नहीं मिला। उन्होंने विशेष रूप से किसानों की फसल बर्बाद होने के मुद्दे का जिक्र करते हुए कहा कि इस मामले में भी विपक्ष ने उनका साथ नहीं दिया।
विधायक के इस ऐलान से प्रदेश की सियासत में नई चर्चाएं शुरू हो गई हैं। हालांकि, उमेश कुमार ने अपनी राजनीतिक स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा कि वह न तो भाजपा में शामिल हो रहे हैं और न ही कांग्रेस में जाने की उनकी योजना है। अब सभी की निगाहें उनके अगले कदम और इस्तीफे को लेकर होने वाले घटनाक्रम पर टिकी हैं।


