गाजीवाली के आर्यनगर में बनेगा भव्य शिव मंदिर, स्वामी यतीश्वरानंद ने किया भूमि पूजन
ग्रामवासियों के सहयोग से होगा मंदिर का निर्माण, ग्राम प्रधान देवेंद्र नेगी और योगेश चौहान सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण रहे मौजूद
रिपोर्ट ; लक्ष्मण कश्यप
श्यामपुर। ग्राम पंचायत गाजीवाली के अंतर्गत आर्यनगर में भव्य शिव मंदिर निर्माण की शुरुआत वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ हुई। भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद ने मंदिर निर्माण के लिए भूमि पूजन किया। इस अवसर पर क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में ग्रामीणों की मौजूदगी रही।
भूमि पूजन संपन्न होने के साथ ही मंदिर निर्माण कार्य की औपचारिक शुरुआत हो गई। मंदिर का निर्माण समस्त ग्रामवासियों के सहयोग से कराया जाएगा। मंदिर निर्माण को लेकर ग्रामीणों में उत्साह का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि मंदिर बनने से क्षेत्र के श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठानों के लिए बेहतर स्थान उपलब्ध होगा। साथ ही गांव की धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं को भी बढ़ावा मिलेगा।
इस अवसर पर गाजीवाली के ग्राम प्रधान देवेंद्र नेगी, श्यामपुर के ग्राम प्रधान योगेश चौहान सहित होरी लाल, प्रमोद पाल, महावीर, मोहित, कपिल और अतर पाल समेत अनेक ग्रामीण उपस्थित रहे। सभी ने गांव की सुख-समृद्धि और मंदिर निर्माण कार्य के सफलतापूर्वक पूर्ण होने की कामना की।


