अवैध बसों के खिलाफ परिवहन विभाग हरिद्वार की कार्रवाई जारी,
35 चालान और दो बसें सीज।
रिपोर्ट:मोहित प्रधान
हरिद्वार। जनपद में लग्जरी बसों के अनियमित संचालन पर अंकुश लगाने के लिए परिवहन विभाग का विशेष चेकिंग अभियान लगातार तीसरे दिन भी जारी रहा। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर चलाए जा रहे इस अभियान के दौरान विभिन्न नियमों के उल्लंघन पर 35 बसों के चालान किए गए, जबकि दो बसों को सीज कर दिया गया।संभागीय परिवहन अधिकारी निखिल शर्मा ने बताया कि सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) नेहा झा और परिवहन कर अधिकारी वरुणा सैनी के नेतृत्व में अभियान चलाया गया। पड़ोसी राज्यों में हाल ही में हुई बस दुर्घटनाओं को देखते हुए यात्री सुरक्षा को प्राथमिकता दी जा रही है।
चेकिंग के दौरान बसों के पंजीकरण, फिटनेस, परमिट, बीमा और अन्य जरूरी दस्तावेजों की जांच की गई। इसके अलावा निर्धारित यात्री क्षमता से अधिक सवारी बैठाने और बसों में अनधिकृत बदलाव जैसे मामलों पर भी विशेष निगरानी रखी गई।
परिवहन विभाग ने बस संचालकों और चालकों को सभी दस्तावेज अद्यतन रखने तथा सुरक्षा मानकों का पालन करने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों के अनुसार यात्रियों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। विभाग ने स्पष्ट किया कि सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।



