जल संस्थान में उल्टी गंगा:
उच्च अधिकारियों के आदेशों को चुनौती?
केंद्रीय भंडार का चार्ज देने से इनकार,
बीच में लटके सहायक अभियंता हरीश बंसल

रिपोर्ट: अरुण कश्यप, देहरादून
देहरादून।उत्तराखंड जल संस्थान में तबादला आदेशों की अवहेलना का एक मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। विभागीय सूत्रों के अनुसार हरिद्वार में तैनात अधिशासी अभियंता हरीश बंसल का स्थानांतरण 21 मई को केंद्रीय भंडार, देहरादून में किया गया था। बताया जा रहा है कि यह आदेश विभागीय सचिव रणवीर सिंह चौहान के आदेश पर हुआ था।
सूत्रों का दावा है कि हरीश बंसल अपने पूर्व कार्यभार से मुक्त होकर केंद्रीय भंडार में नई जिम्मेदारी संभालने पहुंचे, लेकिन वहां पहले से कार्यभार देख रहीं इंजीनियर निशब गौतम ने उन्हें चार्ज देने से इनकार कर दिया। आरोप है कि उच्च अधिकारियों के आदेशों का हवाला दिए जाने के बावजूद कार्यभार हस्तांतरण की प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी।
इस घटनाक्रम के चलते हरीश बंसल की स्थिति असमंजसपूर्ण बनी हुई है। एक ओर वे अपने पुराने पद का कार्यभार छोड़ चुके हैं, वहीं दूसरी ओर नए पद पर उन्हें अभी तक विधिवत कार्यभार नहीं मिल पाया है। विभाग के भीतर इस मामले को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं चल रही हैं और तबादला आदेशों के पालन को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।जानकारों का कहना है कि यदि विभागीय स्तर पर जारी आदेशों का पालन नहीं होता है तो इससे प्रशासनिक व्यवस्था प्रभावित हो सकती है। अब निगाहें विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों पर टिकी हैं कि वे इस मामले में क्या कदम उठाते हैं और कार्यभार हस्तांतरण की प्रक्रिया कब तक पूरी होती है।



