हरिद्वार-लक्सर मार्ग पर स्ट्रीट लाइट लगाने की मांग तेज, कुंभ 2027 से पहले सड़क को रोशन करने की उठी आवाज
रिपोर्ट: मोहित प्रधान.
हरिद्वार-लक्सर मार्ग पर समुचित स्ट्रीट लाइट व्यवस्था किए जाने की मांग तेज होने लगी है। कुंभ मेला 2027 की तैयारियों के बीच स्थानीय नागरिकों ने इस महत्वपूर्ण मार्ग को रोशन करने के साथ-साथ सड़क चौड़ीकरण और मरम्मत कार्य जल्द शुरू कराने की मांग उठाई है। लोगों का कहना है कि हरिद्वार और उत्तर प्रदेश को लक्सर के रास्ते जोड़ने वाला यह मार्ग धार्मिक, सामाजिक और यातायात की दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण है, लेकिन रात के समय पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था न होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
इस मार्ग पर विश्व प्रसिद्ध पतंजलि संस्थान के साथ-साथ कई प्रतिष्ठित अखाड़े भी स्थित हैं, जिनकी कुंभ 2027 में महत्वपूर्ण भूमिका रहने वाली है। ऐसे में कुंभ के दौरान लाखों श्रद्धालुओं के आवागमन को देखते हुए मार्ग की सुविधाओं को दुरुस्त करना जरूरी बताया जा रहा है।
मिस्सरपुर निवासी प्रोफेसर शिवकुमार चौहान ने मांग उठाते हुए कहा कि हरिद्वार-लक्सर मार्ग अत्यंत महत्वपूर्ण है। कुंभ के दौरान लाखों-करोड़ों श्रद्धालु धर्मनगरी में प्रवेश करेंगे। ऐसे में श्रद्धालुओं का स्वागत अंधेरे में करना उचित नहीं है। मार्ग पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जानी चाहिए, जिससे आवागमन सुरक्षित और सुगम हो सके।
वहीं फेरूपुर निवासी मनोज कश्यप ने कहा कि कुंभ आयोजन में इस पूरे क्षेत्र की अहम भूमिका रहती है, लेकिन क्षेत्र की बुनियादी सुविधाओं को कुंभ कार्यों में प्राथमिकता न मिलना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने मेला प्रशासन से मार्ग पर स्ट्रीट लाइट लगाने, सड़क चौड़ीकरण और मरम्मत कार्य शीघ्र कराने की गुहार लगाई।
हरिद्वार के एक प्रसिद्ध विश्वविद्यालय के प्राचार्य डॉ. सुनील बत्रा ने भी ग्रामीणों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए सोशल मीडिया के माध्यम से उत्तराखंड सरकार से इस मार्ग के जोधासर सहित संबंधित हिस्सों के सुधारीकरण और प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।स्थानीय लोगों का कहना है कि कुंभ 2027 की तैयारियां केवल प्रमुख शहरों और घाटों तक सीमित न रहें, बल्कि उन ग्रामीण मार्गों को भी प्राथमिकता दी जाए, जिनसे श्रद्धालुओं का आवागमन होगा।


