विकास भवन में स्वच्छता पर सीडीओ सख्त, शौचालयों का किया औचक निरीक्षण

रिपोर्ट दिशा शर्मा
हरिद्वार, 7 अगस्त। मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र ने शुक्रवार को विकास भवन स्थित शौचालयों का औचक निरीक्षण कर साफ-सफाई और स्वच्छता व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने शौचालयों की नियमित सफाई, पेयजल उपलब्धता, प्रकाश व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं का बारीकी से निरीक्षण किया।
सीडीओ ने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि विकास भवन में प्रतिदिन बड़ी संख्या में आमजन अपने कार्यों के लिए आते हैं, इसलिए परिसर में स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि शौचालयों की नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए तथा किसी भी प्रकार की गंदगी, दुर्गंध या अव्यवस्था की स्थिति नहीं होनी चाहिए।
डॉ. मिश्र ने माननीय उच्च न्यायालय द्वारा स्वच्छता संबंधी जारी दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शौचालयों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए और निर्धारित समय पर सफाई कार्य कराया जाए, ताकि कर्मचारियों और आमजन को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
उन्होंने स्पष्ट किया कि स्वच्छता व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि निरीक्षण के दौरान कहीं भी साफ-सफाई में कमी पाई गई तो संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
मुख्य विकास अधिकारी ने अधिकारियों को नियमित निरीक्षण और प्रभावी निगरानी बनाए रखने के निर्देश देते हुए कहा कि विकास भवन परिसर को साफ, स्वच्छ और स्वस्थ बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है।



