हरिद्वार में सिंगल यूज़ प्लास्टिक पर अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई, 5 हजार किलो प्लास्टिक जब्त, ₹1 लाख का चालान

हरिद्वार, 14 जुलाई। नगर निगम हरिद्वार, तहसील प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने सोमवार को खड़खड़ी क्षेत्र में सिंगल यूज़ प्लास्टिक के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 5,000 किलोग्राम प्रतिबंधित प्लास्टिक जब्त की। कार्रवाई के दौरान नानक चंद के गोदाम से भारी मात्रा में सिंगल यूज़ प्लास्टिक बरामद हुई, जिसे मौके पर ही जब्त कर संबंधित व्यक्ति पर ₹1 लाख का चालान किया गया।
नगर निगम को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि घाट क्षेत्र और आसपास के इलाकों में पॉलीथीन व सिंगल यूज़ प्लास्टिक बेचने वाले छोटे व्यापारियों को खड़खड़ी स्थित इस गोदाम से बड़े पैमाने पर प्रतिबंधित प्लास्टिक की आपूर्ति की जा रही थी। यही प्लास्टिक गंगा स्नान, पर्व स्नान और अन्य धार्मिक आयोजनों के दौरान पर्यावरण प्रदूषण और कचरे का प्रमुख कारण बन रही थी।
सूचनाओं के आधार पर नगर निगम ने पहले से निगरानी शुरू कर रखी थी। पुख्ता जानकारी मिलने के बाद तहसील प्रशासन और पुलिस के सहयोग से संयुक्त छापेमारी की गई, जिसमें भारी मात्रा में प्रतिबंधित प्लास्टिक बरामद हुई।
नगर आयुक्त नंदन कुमार के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई में उप नगर आयुक्त दीपक गोस्वामी, तहसीलदार सचिन कुमार, मुख्य सफाई निरीक्षक संजय शर्मा, मनोज कुमार, उप निरीक्षक नवीन नेगी सहित नगर निगम, तहसील प्रशासन और पुलिस विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।
नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि प्रतिबंधित सिंगल यूज़ प्लास्टिक के निर्माण, भंडारण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ आगे भी सघन अभियान जारी रहेगा तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।



