विधायक निधि में अनियमितता का आरोप, शिकायतकर्ता ने भूख हड़ताल और सुरक्षा की मांग की
रिपोर्ट: साहिल लांबा।
हरिद्वार। लक्सर विधानसभा क्षेत्र के निवासी कपिल कुमार गोयल ने विधायक निधि से कराए गए विकास कार्यों में कथित अनियमितता का आरोप लगाते हुए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित को शिकायत सौंपकर निष्पक्ष जांच और परिवार की सुरक्षा की मांग की है। शिकायत में उन्होंने आरोप लगाया है कि लक्सर विधायक मोहम्मद शहजाद की विधायक निधि से दो सड़कें केवल कागजों में बनाई गईं, जिसका खुलासा सूचना के अधिकार (आरटीआई) के माध्यम से हुआ।कपिल कुमार गोयल का कहना है कि वह पिछले 14–15 महीनों से मुख्यमंत्री सहित विभिन्न अधिकारियों से मामले की शिकायत कर रहे हैं, लेकिन अब तक निष्पक्ष कार्रवाई नहीं हुई। उनका आरोप है कि जांच अधिकारी मौके पर आते हैं, लेकिन बाद में जांच रिपोर्ट सार्वजनिक नहीं की जाती और उन्हें आरटीआई के माध्यम से ही जानकारी प्राप्त करनी पड़ती है।शिकायतकर्ता ने बताया कि उन्होंने 29 जून 2026 को जनसुनवाई में भी जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र दिया था। उनका कहना है कि यदि मामले में अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है तो वह जिलाधिकारी कार्यालय पर भूख हड़ताल पर बैठ गए हैं ।
कपिल कुमार गोयल ने यह भी आरोप लगाया कि शिकायत वापस लेने के लिए उन्हें और उनके परिवार को धमकियां मिल रही हैं। उन्होंने किसी भी अप्रिय घटना की स्थिति में शासन-प्रशासन को जिम्मेदार ठहराते हुए तत्काल सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है।



