हरिद्वार में नकली नोटों के बड़े गिरोह का भंडाफोड़

पंजाब के चार आरोपी गिरफ्तार
नगर कोतवाली पुलिस का इकबाल बुलंद।
रिपोर्ट: अरुण कश्यप!
————————————–
हरिद्वार।कोतवाली नगर पुलिस ने सघन चेकिंग अभियान के दौरान नकली नोटों के एक गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पंजाब के चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से ₹500 के 169 नकली नोट, जिनकी कुल कीमत ₹84,500 है, बरामद किए गए हैं।
नगर कोतवाल कुंदन सिंह राणा ने बताया कि एसएसपी नवनीत सिंह के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के दौरान मेला अस्पताल क्षेत्र में चार संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिए। पुलिस टीम ने जब उन्हें रोकने का प्रयास किया तो वे वापस मुड़कर तेजी से भागने लगे। पुलिस ने पीछा कर बिल्केश्वर तिराहे के पास चारों को दबोच लिया। तलाशी में उनके पास से नकली करेंसी बरामद हुई।पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने गुरदासपुर (पंजाब) के एक व्यक्ति से ₹20,000 देकर ₹500 के 200 नकली नोट खरीदे थे। वे इन नोटों को असली बताकर हरिद्वार में चलाने के उद्देश्य से आए थे। प्रारंभिक पूछताछ में यह भी सामने आया कि कुछ नकली नोटों का उपयोग बाजार में खरीदारी के दौरान किया जा चुका है।पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं, पूरे सिंडिकेट का खुलासा करने और मुख्य सप्लायर की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम का गठन किया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए केंद्रीय एजेंसियां भी नकली नोटों के नेटवर्क की गोपनीय जांच में जुट गई हैं।



