हरिद्वार में नकली नोटों के बड़े गिरोह का पर्दाफाश, पंजाब के चार आरोपी गिरफ्तार, ₹84,500 की जाली करेंसी बरामद
रिपोर्ट दिशा शर्मा
हरिद्वार, 6 जुलाई। हरिद्वार पुलिस ने एसएसपी नवनीत सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के दौरान नकली नोटों के एक बड़े गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए पंजाब के गुरदासपुर निवासी चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कोतवाली नगर पुलिस ने मेला अस्पताल के पास संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर चारों युवकों को रोककर तलाशी ली, जिसमें उनके कब्जे से ₹500 के 169 नकली नोट, कुल ₹84,500 की जाली करेंसी बरामद हुई। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने गुरदासपुर के एक व्यक्ति से ₹20 हजार देकर ₹1 लाख के नकली नोट खरीदे थे। इन नोटों को असली बताकर हरिद्वार के बाजारों में चलाने के उद्देश्य से लाया गया था। आरोपियों ने यह भी स्वीकार किया कि कुछ नकली नोटों से पहले ही खरीदारी की जा चुकी है।
एसएसपी नवनीत सिंह ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पूरे सिंडिकेट का पर्दाफाश करने और मुख्य सप्लायर की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की है। नकली करेंसी के इस मामले को देखते हुए केंद्रीय एजेंसियां भी सतर्क हो गई हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ जारी है और जल्द ही पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा।



