राम मंदिर चंदा प्रकरण और गंगा घाट पर डांस को लेकर जन संघर्ष मोर्चा का विरोध, सीबीआई जांच की मांग
रिपोर्ट अरुण कश्यप
हरिद्वार। जन संघर्ष मोर्चा की बैठक में राम मंदिर चंदा प्रकरण तथा हरिद्वार के गंगा घाट पर फिल्मी धुनों पर महिलाओं के नृत्य कराए जाने की घटना पर कड़ा रोष व्यक्त किया गया। बैठक में दोनों मामलों की निष्पक्ष जांच और धार्मिक स्थलों की गरिमा बनाए रखने की मांग उठाई गई।
प्रदेश अध्यक्ष गुलशन खत्री ने कहा कि केदारनाथ, बद्रीनाथ और राम मंदिर से जुड़े चंदा व चढ़ावा प्रकरणों ने देश-विदेश में भारत की छवि को प्रभावित किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस मामले की निष्पक्ष जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) से कराई जानी चाहिए, ताकि सच्चाई सामने आ सके।
प्रदेश अध्यक्ष अनिल ठाकुर और महामंत्री एस.एन. शर्मा ने हरिद्वार के गंगा घाट पर मनोरंजन के नाम पर महिला डांसरों से नृत्य कराए जाने की घटना की निंदा करते हुए कहा कि इससे गंगा की धार्मिक मर्यादा प्रभावित हुई है। उन्होंने जिला प्रशासन से जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
प्रदेश प्रवक्ता राजेश बादल ने कहा कि इस तरह के आयोजनों पर संत समाज की चुप्पी भी चिंता का विषय है। जिलाध्यक्ष सुंदर उपाध्याय, कार्यवाहक जिलाध्यक्ष रमेश वर्मा तथा युवा जिलाध्यक्ष पंडित नवनीत शर्मा सहित अन्य पदाधिकारियों ने हरिद्वार बायलॉज का सख्ती से पालन कराने, भविष्य में ऐसी घटनाओं पर रोक लगाने और दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की।



