मुकद्दमा दर्ज :स्टोन क्रेशर में घुसकर फायरिंग,
मारपीट और तोड़फोड़ का आरोप,

रिपोर्ट: दिशा शर्मा
हरिद्वार। लक्सर कोतवाली क्षेत्र के मेहतौली स्थित अवनि स्टोन क्रेशर में हथियारबंद लोगों द्वारा घुसकर मारपीट, फायरिंग और तोड़फोड़ करने का मामला सामने आया है। क्रेशर के देखरेख कर्मचारी अदनान पुत्र अली जान ने कोतवाली लक्सर में दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि नसरत पुत्र कासिम, अरशद पुत्र कासिम, गुलज़ार पुत्र असगर निवासी जबरदस्तपुर खुरासी, रुड़की तथा 7–8 अज्ञात लोग 1 जुलाई की शाम करीब 4:30 बजे तीन कारों से क्रेशर पहुंचे।
तहरीर के अनुसार, पहले बातचीत के बाद आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और कथित रूप से सीसीटीवी कैमरे तोड़ते हुए कर्मचारियों के साथ मारपीट की। आरोप है कि नसरत ने पिस्टल निकालकर दो फायर भी किए, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। इसके बाद आरोपियों ने अपने अन्य साथियों को बुलाकर परिसर में खड़े वाहनों में तोड़फोड़ की। जल्दबाजी में उनके साथियों ने अपनी ही एक गाड़ी भी क्षतिग्रस्त कर दी।
शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो सभी आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि नसरत पहले भी स्टोन क्रेशर के पार्टनर साजिद पुत्र अनीस को जान से मारने की धमकी दे चुका है। घटना में दो कर्मचारियों के घायल होने का भी दावा किया गया है।पीड़ित ने पुलिस से सभी आरोपियों के खिलाफ उचित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई करने तथा कर्मचारियों की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। फिलहाल लक्सर पुलिस मामले की जांच में जुटी है।


