अतिक्रमण पर प्रशासन का चौथे दिन भी बुलडोजर, हरिद्वार से रुड़की-लक्सर तक बड़ी कार्रवाई
60 से अधिक अस्थायी अतिक्रमण हटाए, 15 ठेलियां जब्त; लक्सर और भगवानपुर में चालान कर वसूला जुर्माना
रिपोर्ट दिशा शर्मा
हरिद्वार। मुख्यमंत्री के निर्देश और जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के नेतृत्व में जनपदभर में चलाया जा रहा अतिक्रमण हटाओ अभियान चौथे दिन भी जारी रहा। चारधाम यात्रा और आगामी कांवड़ मेले को सुगम एवं व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन, नगर निगम और पुलिस की संयुक्त टीमों ने हरिद्वार, रुड़की, लक्सर और भगवानपुर क्षेत्रों में व्यापक कार्रवाई की।
नगर मजिस्ट्रेट हर गिरी के नेतृत्व में देवपुरा चौक से रेलवे स्टेशन, शिवमूर्ति होते हुए वाल्मीकि चौक (ललतारौ पुल) तक विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान सड़क, फुटपाथ और नालियों पर किए गए 60 से अधिक अस्थायी अतिक्रमण हटाए गए, जबकि 15 से अधिक ठेलियों को जब्त किया गया।
प्रशासन ने स्पष्ट चेतावनी दी कि भविष्य में नालियों, फुटपाथों और सड़क किनारे किसी भी प्रकार का सामान या निर्माण सामग्री रखी गई तो उसे तत्काल जब्त कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। बार-बार अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।
रुड़की तहसील क्षेत्र के पुहाना और सालियर बाईपास में भी अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाया गया। तहसील प्रशासन, पुलिस और राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण की टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए सड़क किनारे किए गए स्थायी और अस्थायी अतिक्रमणों को जेसीबी की मदद से हटाया।
लक्सर में उप जिलाधिकारी अनिल शुक्ला के नेतृत्व में मेन मार्केट ओवरब्रिज से रेलवे स्टेशन तक अभियान चलाकर 55 से अधिक अवैध अतिक्रमण हटाए गए। इस दौरान पांच लोगों के चालान कर 9 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया। साथ ही एक व्यक्ति द्वारा घरेलू गैस सिलेंडर का व्यावसायिक उपयोग किए जाने पर सिलेंडर जब्त कर लिया गया।
वहीं भगवानपुर क्षेत्र में टोल प्लाजा से रायपुर चौक तक सर्विस रोड पर चलाए गए अभियान में 11 लोगों के चालान किए गए और 12 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया। इसके अलावा 17 सामान भी जब्त किए गए। अधिकारियों ने सड़क, नालियों और फुटपाथों से अतिक्रमण हटाकर मार्गों को सुचारु बनाया।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने सभी उप जिलाधिकारियों, नगर निकायों और संबंधित विभागों को निर्देश दिए हैं कि सरकारी भूमि, सड़क, फुटपाथ और नालियों पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा और कांवड़ मेले के दौरान श्रद्धालुओं को जाम और असुविधा से बचाने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा।



