गुरुकुल कांगड़ी फायरिंग कांड में एक और आरोपी गिरफ्तार, पिल्ला गैंग पर पुलिस का शिकंजा कसता जा रहा
रिपोर्ट साहिल लांबा
हरिद्वार। ऑपरेशन प्रहार के तहत हरिद्वार पुलिस अपराधियों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में कोतवाली कनखल पुलिस ने गुरुकुल कांगड़ी क्षेत्र में कांवड़ियों पर फायरिंग और मारपीट के चर्चित मामले में एक और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। इस गिरफ्तारी के साथ ही मामले में अब तक कुल छह आरोपी सलाखों के पीछे पहुंच चुके हैं, जबकि पिल्ला गैंग से जुड़े विभिन्न मामलों में गिरफ्तार आरोपियों की संख्या 22 हो गई है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक कनखल के नेतृत्व में क्षेत्र में अपराधियों, हिस्ट्रीशीटरों, वांछित अभियुक्तों, गुंडा तत्वों और हुड़दंगियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। बढ़ती आपराधिक गतिविधियों और मारपीट की घटनाओं को देखते हुए पुलिस ने सादे कपड़ों में विशेष टीमें गठित कर जगजीतपुर, पीठ पुलिया, फुटबॉल ग्राउंड और गुरुकुल कांगड़ी क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी है।
पुलिस के अनुसार 1 जून 2026 को गुरुकुल कांगड़ी क्षेत्र में कांवड़ियों के साथ कहासुनी के बाद फायरिंग, मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने की घटना सामने आई थी। फायरिंग में एक कांवड़िया घायल हो गया था। इस मामले में कोतवाली कनखल में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई थी।
लगातार दबिश और छापेमारी के बाद पुलिस ने जतिन पुत्र पवन कुमार निवासी जमालपुर कला, थाना कनखल को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि ऑपरेशन प्रहार के तहत आगे भी अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी और क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक महिपाल सिंह सैनी, हेड कांस्टेबल जितेन्द्र कुमार, कांस्टेबल दिगपाल भण्डारी, प्रलभ चौहान और उमेद सिंह शामिल रहे।



