जियापोता में खुशी की लहर::::
संघर्ष और मेहनत की मिसाल बनीं रचना सिंह,
पहले ही प्रयास में पीसीएस परीक्षा पास की ।
रिपार्ट:अरुण कश्यप!
हरिद्वार।जियापोता गांव की बेटी रचना सिंह ने उत्तराखंड लोक सेवा आयोग (पीसीएस) परीक्षा में सफलता प्राप्त कर उपखंड शिक्षा अधिकारी के पद पर चयनित होकर क्षेत्र और परिवार का नाम रोशन किया है। रचना सिंह उत्तराखंड पुलिस में कार्यरत संतोष कुमार की पुत्री हैं। उन्होंने बी.एससी., एम.ए. एवं बी.एड. की शिक्षा प्राप्त की है।रचना की सफलता इसलिए भी विशेष है क्योंकि उन्होंने अपने पहले ही प्रयास में प्रारंभिक परीक्षा, मुख्य परीक्षा और साक्षात्कार तीनों चरण सफलतापूर्वक उत्तीर्ण किए। विगत छह से सात वर्षों से वह शिक्षा के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए बच्चों को कोचिंग देने, गांव के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए प्रेरित करने तथा आर्थिक रूप से कमजोर बच्चों की मदद करने का कार्य कर रही हैं।
रचना का सफर संघर्षों से भरा रहा। आईएएस की तैयारी के लिए वह दिल्ली गई थीं, लेकिन कोरोना महामारी के दौरान उन्हें वापस लौटना पड़ा। इसके बावजूद उन्होंने अपने लक्ष्य से समझौता नहीं किया और निरंतर मेहनत जारी रखी। इसी दौरान परिवार को भी कठिन परिस्थितियों का सामना करना पड़ा, लेकिन रचना ने हिम्मत नहीं हारी और अपने सपनों को साकार करने में जुटी रहीं।
उनकी इस उपलब्धि पर परिवार, रिश्तेदारों और क्षेत्रवासियों में खुशी की लहर है। ग्रामीणों ने इसे युवाओं के लिए प्रेरणादायक सफलता बताते हुए रचना सिंह को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।



