ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता अभियान की लापरवाही पर सख्ती, 6 एडीओ (पंचायत) के वेतन पर रोक
हरिद्वार, 01 जून 2026।
ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता एवं कूड़ा निस्तारण व्यवस्थाओं की निगरानी में लापरवाही बरतने पर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। जिला पंचायत राज अधिकारी हरिद्वार अतुल प्रताप सिंह ने बताया कि विभिन्न ग्राम पंचायतों से प्राप्त शिकायतों के बावजूद संबंधित सहायक विकास अधिकारियों (पंचायत) द्वारा अपेक्षित सूचनाएं समय पर उपलब्ध नहीं कराई जा रही थीं। साथ ही स्वच्छता अभियान से जुड़े कार्यों की प्रभावी मॉनिटरिंग भी नहीं की गई।
उन्होंने बताया कि स्वजल योजना के अंतर्गत उपलब्ध कराए गए वाहनों का रोस्टर के अनुसार संचालन सुनिश्चित नहीं किया गया। इसके अलावा ग्राम पंचायतों में सूखे कूड़े के संग्रहण एवं निस्तारण संबंधी शासनादेशों के अनुपालन और उनकी नियमित समीक्षा में भी गंभीर शिथिलता पाई गई। आवश्यक सूचनाएं समय पर न मिलने से प्रशासनिक कार्यों के संचालन पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा था।
मामले को गंभीरता से लेते हुए जनपद हरिद्वार के सभी छह सहायक विकास अधिकारियों (पंचायत) के मई 2026 माह के वेतन आहरण पर अग्रिम आदेशों तक रोक लगा दी गई है।
जिला पंचायत राज अधिकारी ने चेतावनी देते हुए कहा कि स्वच्छता अभियान और पंचायत संबंधी कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा भविष्य में कार्यों में शिथिलता पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध और भी कठोर कार्रवाई की जाएगी।



