चारधाम यात्रा पंजीकरण केंद्रों पर अव्यवस्था हावी, पानी और शौचालय तक को तरस रहे श्रद्धालु
रिपोर्ट दिशा शर्मा
हरिद्वार। चारधाम यात्रा के लिए हरिद्वार पहुंचे श्रद्धालुओं को पंजीकरण केंद्रों पर भारी अव्यवस्थाओं का सामना करना पड़ रहा है। यात्रा के लिए दूर-दराज राज्यों से आए श्रद्धालु घंटों लंबी कतारों में खड़े रहने को मजबूर हैं, लेकिन वहां मूलभूत सुविधाओं का अभाव साफ दिखाई दे रहा है। हालात ऐसे हैं कि लोगों को पीने के पानी तक के लिए भटकना पड़ रहा है।
पंजीकरण केंद्रों पर उमड़ रही भारी भीड़ के बीच पर्याप्त पेयजल व्यवस्था नहीं होने से श्रद्धालुओं को काफी परेशानी झेलनी पड़ रही है। तेज गर्मी में छोटे बच्चे, बुजुर्ग और महिलाएं सबसे ज्यादा प्रभावित दिखाई दे रहे हैं। कई श्रद्धालुओं ने आरोप लगाया कि केंद्रों पर लगाए गए पानी के कैंपर या तो खाली पड़े रहते हैं या फिर पर्याप्त नहीं हैं।
वहीं शौचालयों की स्थिति भी बेहद खराब बताई जा रही है। कई स्थानों पर शौचालय गंदगी से भरे पड़े हैं, जिनकी नियमित सफाई नहीं हो रही। दुर्गंध और बदहाल व्यवस्था के कारण श्रद्धालु खुले में शौच करने को मजबूर हो रहे हैं। इससे स्वच्छता व्यवस्था पर भी सवाल खड़े होने लगे हैं।
श्रद्धालुओं का कहना है कि सरकार चारधाम यात्रा को व्यवस्थित और सुविधाजनक बनाने के दावे तो कर रही है, लेकिन जमीनी स्तर पर व्यवस्थाएं नाकाफी साबित हो रही हैं। लोगों ने प्रशासन से पंजीकरण केंद्रों पर पेयजल, साफ-सफाई, शौचालय और बैठने की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।
जिला पर्यटन अधिकारी
सुशील नौटियाल ने बताया कि हम हर रोज ये पानी के कैम्पर भरवाते हैं लेकिन ये कुछ देर में ही खाली हो जाते हैं यात्री बड़ी बड़ी बोतल भर कर ले जाते हैं
बाकी बाहर टैकर भी खंडे है
दोपहर के बाद शौचालयों की सफाई भी होगी



