कांगड़ी की सृष्टि पाल ने CBSE में लहराया परचम, स्कूल में किया टॉप
रिपोर्ट लक्ष्मण कश्यप
हरिद्वार। बुधवार को घोषित हुए सीबीएसई बोर्ड परीक्षा परिणाम में कांगड़ी निवासी एवं श्री राम विद्या मंदिर की छात्रा सृष्टि पाल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 97.2 प्रतिशत अंक प्राप्त किए। सृष्टि ने अपने उत्कृष्ट परिणाम के दम पर स्कूल में प्रथम स्थान हासिल कर परिवार और विद्यालय का नाम रोशन किया है।
सृष्टि की इस उपलब्धि से उनके परिवार में खुशी का माहौल है। उनके पिता कांगड़ी क्षेत्र में परचून की दुकान चलाते हैं, जबकि माता एक निजी स्कूल में शिक्षिका हैं। साधारण परिवार से आने वाली सृष्टि की इस सफलता को मेहनत और लगन का परिणाम बताया जा रहा है।
सृष्टि ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, गुरुजनों और नियमित अध्ययन को दिया। उन्होंने कहा कि लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर मेहनत करने से सफलता अवश्य मिलती है।
विद्यालय प्रबंधन ने भी सृष्टि की इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त किया। स्कूल के ट्रस्टी राजीव भल्ला तथा प्रिंसिपल बबीता श्रीनिवासन ने सृष्टि को बधाई देते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विद्यालय के शिक्षकों ने भी छात्रा की मेहनत और अनुशासन की सराहना की है।



