अरूण कश्यप
उत्तराखंड में पहली बार आयोजित हो रहे 38वें राष्ट्रीय खेलों के आयोजन में ‘ग्रीन गेम्स’ की थीम को प्रमुखता से पेश किया जाएगा। राज्य सरकार ने इस पहल के तहत खेलों के दौरान पर्यावरण संरक्षण के संदेश को फैलाने के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। इसी कड़ी में महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज के समीप वन विभाग की 2.77 हेक्टेयर भूमि पर खेल वन विकसित किया जा रहा है।
10 फरवरी को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी इस खेल वन का शुभारंभ करेंगे, जहां राष्ट्रीय खेलों में पदक जीतने वाले 1600 खिलाड़ियों के नाम से रुद्राक्ष के पौधे लगाए जाएंगे। इस परियोजना के तहत लगाए जाने वाले पौधे न केवल खेलों के विजेताओं की यादों को संजोएंगे, बल्कि पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी देंगे।
राष्ट्रीय खेलों की उद्घाटन समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी राज्य सरकार की हरित पहल की सराहना की थी। राज्य सरकार ने ‘ग्रीन गेम्स‘ की थीम को साकार करने के लिए कई पहल की हैं, जिनमें खेल वन का निर्माण एक महत्वपूर्ण कदम है। इस खेल वन को विकसित करने के लिए वन विभाग द्वारा तारबाड़ का काम जारी है।
खेल वन के लिए विशेष रूप से एक बड़ा बोर्ड तैयार किया जा रहा है, जिसमें लिखा होगा, चैंपियन हमें प्रेरित करते हैं, ताकि आने वाली पीढ़ियों को इन खिलाड़ियों से प्रेरणा मिल सके। राष्ट्रीय खेल सचिवालय के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अमित सिन्हा ने कहा, यह खेल वन विजेताओं के सुनहरे प्रदर्शन की यादों को ताजा रखने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण योगदान देगा।



