दिशा शर्मा
देहरादून। राष्ट्रीय खेलों में उत्तराखंड के विवेक पांडे ने वेटलिफ्टिंग के पुरुषों के 109 किलोग्राम से अधिक भार वर्ग में कांस्य पदक जीता है। विवेक ने कुल 280 किलोग्राम भार उठाकर इस महत्वपूर्ण उपलब्धि को हासिल किया। इस सफलता के साथ, उत्तराखंड अब तक कुल 19 पदक जीत चुका है और पदक तालिका में 19वें स्थान पर है।
टनकपुर निवासी विवेक पांडे ने दो साल पहले वेटलिफ्टिंग की शुरुआत की थी, हालांकि फिटनेस के प्रति उनका रुझान 12 साल की उम्र से था। इससे पहले, वर्ष 2022 में विवेक ने छत्तीसगढ़ में आयोजित पावर वेटलिफ्टिंग प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीता था।
इस बीच, राज्य ने बैडमिंटन में दो कांस्य और दो रजत पदक भी पक्के किए हैं। उत्तराखंड ने वुशु, बैडमिंटन, वेटलिफ्टिंग, हैंडबॉल और योगासन में शानदार प्रदर्शन किया है। वुशु में राज्य ने 12 पदक जीते हैं, जिसमें एक स्वर्ण भी शामिल है, जबकि बैडमिंटन में दो रजत और हैंडबॉल में एक रजत पदक मिला है। योगासन में भी राज्य को एक रजत पदक प्राप्त हुआ है।
राज्य को अब बॉक्सिंग, कैनोइंग एंड कयाकिंग, एथलेटिक्स जैसे खेलों से भी पदक की उम्मीद है।