जनपद में हर्षोल्लास से मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस



रिपोर्ट दिशा शर्मा
हरिद्वार, 15 अगस्त। जनपद में 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। जिला कार्यालय परिसर में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने ध्वजारोहण किया। इस दौरान स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और वीर शहीदों के संघर्ष एवं बलिदान को कृतज्ञतापूर्वक याद किया गया। जिलाधिकारी ने जनपदवासियों को शुभकामनाएं देते हुए अधिकारियों-कर्मचारियों से जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने और आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान करने का आह्वान किया।
समारोह में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, उनके परिजनों और राज्य आंदोलनकारियों को पुष्पमाला एवं शॉल भेंटकर सम्मानित किया गया। कांवड़ मेले के दौरान गंगा में बह रहे श्रद्धालुओं का सफल रेस्क्यू करने पर बंगाल इंजीनियरिंग ग्रुप सेंटर के सूबेदार कुलविंदर सिंह को प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया। आनंदमई सेवा सदन इंटर कॉलेज की छात्राओं ने देशभक्ति गीत प्रस्तुत किए।
इस अवसर पर जिलाधिकारी एवं सीडीओ डॉ. ललित नारायण मिश्र ने कलेक्ट्रेट परिसर में लाल चंदन का पौधा रोपा। अधिकारियों-कर्मचारियों ने 100 चंदन एवं गुलमोहर के पौधे भी लगाए।



