कांवड़ यात्रा 2026: हरिद्वार पुलिस की श्रद्धालुओं से अपील, नियमों का पालन कर बनाएं यात्रा सुरक्षित और सफल
रिपोर्ट साहिल लांबा
हरिद्वार। आगामी कांवड़ यात्रा 2026 को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए हरिद्वार पुलिस ने सभी कांवड़ यात्रियों का स्वागत करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। पुलिस और जिला प्रशासन ने कहा है कि यात्रा के दौरान सभी श्रद्धालु प्रशासन द्वारा जारी नियमों का पालन करें और सहयोग प्रदान करें।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कांवड़ यात्रा में जुगाड़ वाहन और रेट्रो साइलेंसर का उपयोग पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। पैदल जल लेकर जाने वाले शिवभक्तों की कांवड़ की ऊंचाई अधिकतम 6 फीट तथा कांवड़ झांकी की ऊंचाई 10 फीट से अधिक नहीं होनी चाहिए, ताकि ऊंची विद्युत लाइनों से दुर्घटनाओं की आशंका न रहे।
यात्रा के दौरान नुकीले भाले, त्रिशूल, तलवार या किसी भी प्रकार के हथियार लाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। साथ ही शराब एवं अन्य मादक पदार्थों के सेवन या उनके प्रभाव में हरिद्वार में प्रवेश करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। सभी श्रद्धालुओं से वैध पहचान पत्र साथ रखने की भी अपील की गई है।
रेल मार्ग से आने वाले यात्रियों को चलती ट्रेन की छत या अन्य असुरक्षित स्थानों पर यात्रा न करने की चेतावनी दी गई है। हरिद्वार पुलिस ने कांवड़ियों से आपसी सौहार्द बनाए रखने, विवादों से बचने और भगवान भोलेनाथ के जलाभिषेक के पावन उद्देश्य के साथ अनुशासित एवं सुरक्षित यात्रा करने का आग्रह किया है।



