हरिद्वार में लग्जरी बसों पर परिवहन विभाग की सख्ती, 35 चालान और दो बसें
सीज
तीसरे दिन भी जारी रहा विशेष चेकिंग अभियान, यात्री सुरक्षा और परमिट नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई
- रिपोर्ट; मोहित प्रधान
हरिद्वार, 25 अक्टूबर। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर परिवहन विभाग का लग्जरी बसों के खिलाफ विशेष चेकिंग अभियान लगातार तीसरे दिन भी जारी रहा। अभियान के दौरान विभिन्न नियमों के उल्लंघन पर 35 चालान किए गए, जबकि दो बसों को सीज किया गया।
सम्भागीय परिवहन अधिकारी निखिल शर्मा ने बताया कि सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) नेहा झा और परिवहन कर अधिकारी वरुणा सैनी के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
पड़ोसी राज्यों में हुई बस दुर्घटनाओं के मद्देनजर यात्री सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए बसों की सघन जांच की जा रही है। चेकिंग के दौरान पंजीयन, फिटनेस, परमिट, बीमा, निर्धारित यात्री क्षमता और अनधिकृत बदलावों की जांच की गई।
परिवहन विभाग ने बस संचालकों और चालकों को सभी आवश्यक दस्तावेज अद्यतन रखने तथा सुरक्षा मानकों का पालन करने के निर्देश दिए। विभाग ने स्पष्ट किया कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।


