हरिद्वार में ऑपरेशन प्रहार के तहत बड़ी कार्रवाई, 17 कथित ढोंगी बाबा गिरफ्तार

धर्म की आड़ में लोगों को भ्रमित करने वालों पर पुलिस का शिकंजा, साधु-संतों के भेष में घूम रहे थे आरोपी
रिपोर्ट ; मोहित प्रधान
हरिद्वार। धर्मनगरी हरिद्वार में ऑपरेशन प्रहार के तहत कोतवाली नगर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए साधु-संतों के भेष में घूम रहे 17 कथित ढोंगी बाबाओं को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, ये लोग धार्मिक आस्था की आड़ में लोगों, विशेषकर महिलाओं और युवाओं को उनकी व्यक्तिगत एवं घरेलू समस्याओं का समाधान करने का प्रलोभन देकर भ्रमित कर सकते थे।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक नगर और पुलिस उपाधीक्षक नगर के पर्यवेक्षण में की गई। कोतवाली नगर प्रभारी निरीक्षक के नेतृत्व में पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 172(2) के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार किया।
पुलिस का कहना है कि ऑपरेशन प्रहार का उद्देश्य धर्म की आड़ में लोगों की भावनाओं और आस्था से खिलवाड़ करने वालों पर अंकुश लगाना है। अभियान के तहत ऐसे व्यक्तियों के विरुद्ध आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।


