सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत से मिले भाजपा के नवनियुक्त प्रदेश महामंत्री (संगठन) फणेंद्रनाथ शर्मा
संगठनात्मक अनुभव से पार्टी को मिलेगी नई मजबूती, सांसद ने दी नवीन दायित्व की शुभकामनाएं
रिपोर्ट ; मोहित प्रधान.

देहरादून, 24 अक्टूबर। हरिद्वार सांसद एवं उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत से शनिवार को भाजपा उत्तराखंड के नवनियुक्त प्रदेश महामंत्री (संगठन) फणेंद्रनाथ शर्मा ने देहरादून स्थित उनके आवास पर शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत ने उनका स्वागत एवं अभिनंदन करते हुए नई जिम्मेदारी मिलने पर बधाई और शुभकामनाएं दीं।
भेंट के दौरान दोनों नेताओं के बीच विभिन्न समसामयिक विषयों पर चर्चा हुई। सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत ने विश्वास जताया कि फणेंद्रनाथ शर्मा का समृद्ध संगठनात्मक अनुभव, कार्यकुशलता और मार्गदर्शन भारतीय जनता पार्टी के संगठन को नई ऊर्जा प्रदान करेगा। उन्होंने कहा कि किसी भी राजनीतिक संगठन की वास्तविक ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ताओं, सामूहिक प्रयासों और जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता में निहित होती है।
उन्होंने उम्मीद जताई कि फणेंद्रनाथ शर्मा के अनुभव और नेतृत्व से संगठनात्मक गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाने में मदद मिलेगी। साथ ही पार्टी की संगठनात्मक मजबूती और कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने में भी उनके अनुभव का लाभ मिलेगा।
सांसद ने उन्हें नवीन दायित्व के सफलतापूर्वक निर्वहन और उज्ज्वल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं प्रेषित कीं। इस शिष्टाचार भेंट को भाजपा संगठन में आपसी समन्वय और संगठनात्मक संवाद की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।


