रिपोर्ट दिशा शर्मा
कांवड़ मेला तैयारियों का डीएम-एसएसपी ने किया व्यापक निरीक्षण, 25 जुलाई तक सभी कार्य पूरे करने के निर्देश
हरिद्वार, 14 जुलाई। आगामी कांवड़ मेला-2026 की तैयारियों का जायजा लेने के लिए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने मंगलवार को मेला क्षेत्र के प्रमुख स्थलों का व्यापक निरीक्षण किया। अधिकारियों ने मनसा देवी हिल बाईपास, मोतीचूर, भूपतवाला, सप्तऋषि आश्रम, पंतद्वीप, लालजीवाला, चंडी चौक, नजीबाबाद रोड, गौरीशंकर और नमामि गंगे घाट सहित विभिन्न स्थानों पर व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर संबंधित विभागों को 25 जुलाई तक सभी कार्य हर हाल में पूर्ण करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान यात्रा मार्ग, सड़क मरम्मत, बैरिकेडिंग, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, स्वच्छता, भीड़ एवं यातायात प्रबंधन की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि कांवड़ मार्ग पूरी तरह सुरक्षित, सुगम और गड्ढामुक्त रहे तथा निर्माण कार्यों के कारण श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने सीवर लाइन और रिंग रोड परियोजना के कार्यों की भी समीक्षा करते हुए गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने पुलिस अधिकारियों को सुरक्षा, कानून-व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण और ट्रैफिक प्रबंधन की सभी तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने संवेदनशील स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल, सतत निगरानी और त्वरित प्रतिक्रिया व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। निरीक्षण के दौरान पुलिस, प्रशासन और एनएचएआई के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।



