रिपोर्ट साहिल लांबा
जनसुनवाई में 100 शिकायतें दर्ज, 55 का मौके पर निस्तारण; सीएम हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों पर डीएम सख्त
हरिद्वार, 13 जुलाई। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में सोमवार को आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में विभिन्न विभागों से जुड़ी 100 शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें से 55 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष मामलों को त्वरित कार्रवाई के लिए संबंधित विभागों को भेजा गया। जनसुनवाई में भूमि विवाद, अतिक्रमण, बिजली, जलभराव, पेयजल, राशन कार्ड और सड़क जैसी समस्याएं प्रमुख रहीं।
डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का समयबद्ध और संवेदनशीलता के साथ निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। जिन मामलों में स्थलीय निरीक्षण आवश्यक है, वहां विभागीय समन्वय से कार्रवाई की जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा के दौरान 36 दिनों से अधिक समय से लंबित शिकायतों पर नाराजगी जताते हुए डीएम ने एल-1 स्तर की 509 और एल-2 स्तर की 157 लंबित शिकायतों का शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए। साथ ही शिकायतकर्ताओं से फोन पर संवाद कर समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करने को कहा।
हरित हरिद्वार एवं हरेला अभियान के तहत जनसुनवाई में आए फरियादियों और मीडिया प्रतिनिधियों को फलदार पौधे भी वितरित किए गए तथा पर्यावरण संरक्षण में सहभागिता का आह्वान किया गया।



