हरित हरिद्वार अभियान का शुभारंभ, कुंभ नगरी को हराभरा बनाने का संकल्प।
रिपोर्ट:साहिल लांबा!
हरिद्वार।विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर आगामी कुंभ मेले को स्वच्छ, सुंदर और पर्यावरण-अनुकूल स्वरूप देने के उद्देश्य से ‘हरित हरिद्वार’ अभियान का शुभारंभ किया गया। अभियान के तहत अखाड़ों, आश्रमों, घाटों, राष्ट्रीय राजमार्गों और विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण किया गया। संत समाज, प्रशासन, सामाजिक संगठनों, स्वयंसेवकों और आम नागरिकों ने इसमें उत्साहपूर्वक भाग लिया।
पंतद्वीप के निकट आयोजित मुख्य कार्यक्रम में मेलाधिकारी श्रीमती सोनिका ने वोगनविलिया का पौधा लगाकर अभियान की शुरुआत की। इस दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग के डिवाइडर को हरित पट्टी के रूप में विकसित करने के लिए बड़ी संख्या में पौधे रोपे गए। मेलाधिकारी ने कहा कि यह अभियान केवल वृक्षारोपण तक सीमित नहीं है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने की पहल है। उन्होंने बताया कि लगाए गए पौधों की निगरानी के लिए ऐप आधारित ट्रैकिंग एवं मॉनिटरिंग प्रणाली विकसित की गई है।
अभियान में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र, जिला प्रशासन, एचआरडीए, एनएचएआई, एनएचआईटी, शांतिकुंज और देव संस्कृति विश्वविद्यालय के स्वयंसेवकों ने भी भागीदारी की। सभी 13 अखाड़ों और अनेक आश्रमों में भी संतों के नेतृत्व में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किए गए। संतों ने पर्यावरण संरक्षण को सामाजिक ही नहीं, बल्कि आध्यात्मिक दायित्व बताते हुए लोगों से अधिकाधिक वृक्ष लगाने और उनकी देखभाल करने का आह्वान किया।


