ड्रग्स इंस्पेक्टर अनीता भारती के समर्थन में गरजा जन संघर्ष मोर्चा।
रिपोर्ट: दिशा शर्मा!
हरिद्वार के कनखल स्थित श्याम मंदिर में मंगलवार को जन संघर्ष मोर्चा की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें “नशामुक्त समाज” को लेकर विस्तृत मंथन हुआ। बैठक का नेतृत्व प्रदेश अध्यक्ष गुलशन खत्री ने किया। उन्होंने कहा कि आज के दौर में युवाओं को नशे और ड्रग्स से बचाना समाज की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है और इसके लिए संगठन निरंतर जनजागरूकता अभियान चला रहा है।
गुलशन खत्री ने जिला स्तर पर तैनात ड्रग्स इंस्पेक्टर अनीता भारती के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने नशा माफियाओं के खिलाफ युद्ध स्तर पर अभियान चलाया है, जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। बड़ी संख्या में युवा इस मुहिम से जुड़कर समाज में बदलाव की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि कुछ लोगों द्वारा लगाए जा रहे आरोप जांच का विषय हो सकते हैं, लेकिन इससे इस अभियान की गति प्रभावित नहीं होनी चाहिए।
बैठक में प्रदेश उपाध्यक्ष अनिल ठाकुर और प्रदेश प्रवक्ता राजेश बादल ने गैस की कालाबाजारी का मुद्दा उठाते हुए कहा कि गैस की कोई कमी नहीं है, बावजूद इसके एजेंसी संचालक और गोदाम स्टाफ मनमानी कर रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से ऐसे लोगों को चिन्हित कर कड़ी कार्रवाई की मांग की।
युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष नवनीत शर्मा ने कहा कि नशामुक्त युवा ही देश का मजबूत भविष्य तैयार करता है, इसलिए इस अभियान को जन-जन तक पहुंचाना आवश्यक है। बैठक में सुंदर उपाध्याय, डॉ. राकेश वर्मा, संजीव शर्मा, सुनील त्यागी और एस.एन. शर्मा सहित कई लोग उपस्थित रहे। अंत में सभी ने नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लेते हुए अभियान को और तेज करने का निर्णय लिया।



