उत्तरकाशी में जिला खान अधिकारी प्रदीप कुमार और एस डी एम की बड़ी कार्रवाई,,,
अवैध खनन पर 17.34 लाख रुपये जुर्माना, स्टोन क्रशर सीज
*बड़कोट नगर पालिका अध्यक्ष विनोद डोभाल पर अवैध खनन के आरोप में जुर्माना*
रिपोर्ट: दिशा शर्मा
उत्तरकाशी! उपजिलाधिकारी बड़कोट बृजेश कुमार तिवारी और जिला खान अधिकारी प्रदीप कुमार के नेतृत्व में राजस्व व खनन विभाग की संयुक्त टीम ने तहसील बड़कोट के अंतर्गत ग्राम कोटियालगांव के जटा नामे तोक में अवैध खनन के मामले में जांच की। जांच के दौरान अवैध खनन व भंडारण पाए जाने पर ₹17,34,390 (सत्रह लाख चौतीस हजार तीन सौ नब्बे रुपये) का जुर्माना लगाया गया और विनोद डोभाल के स्टोन क्रशर को अग्रिम आदेशों तक सीज कर दिया गया।
जिला खान अधिकारी प्रदीप कुमार ने जानकारी दी कि 25 फरवरी की रात को अवैध खनन की सूचना पर पुलिस व प्रशासन की टीम ने क्षेत्र में गश्त की थी। इसके बाद 27 फरवरी को उपजिलाधिकारी, जिला खान अधिकारी उत्तरकाशी, तहसीलदार बड़कोट, खनन विभाग व राजस्व विभाग की संयुक्त टीम द्वारा औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण में यह पाया गया कि नदी तक अवैध रास्ता बनाया गया था और यमुना नदी से अवैध खनन कर उपखनिज का परिवहन किया जा रहा था। मशीन के चेन के निशान और वाहनों के टायरों के निशान भी मिले। स्टोन क्रशर परिसर में ताजा कच्चा उपखनिज (आर.बी.एम.) पाए जाने पर स्टोन क्रशर नियमावली और अवैध खनन, परिवहन व भंडारण निवारण नियमावली 2021 (संशोधित 2024) के उल्लंघन के तहत यह कार्रवाई की गई।
प्रशासन की टीम ने भारी बारिश के बावजूद चार घंटे की कड़ी कार्रवाई के बाद अनंतराज स्टोन क्रशर प्लांट को सीज कर दिया। साथ ही, ई-रवन्ना पोर्टल को अग्रिम आदेशों तक बंद कर दिया गया।
स्टोन क्रेशर मालिक और बड़कोट नगर पालिका अध्यक्ष विनोद डोभाल वर्तमान में टिहरी जेल में बंद हैं। उन पर एक युवक द्वारा अवैध खनन की शिकायत करने के बाद उस पर जानलेवा हमला करवाने का आरोप है। प्रशासनिक निरीक्षण के दौरान पाया गया कि नदी से लाए गए उपखनिज की मात्रा ई-रवन्ना में दर्ज मात्रा से अधिक थी। नियमानुसार, इस अनियमितता पर ₹17,34,390 का जुर्माना लगाया गया। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।