पथरी के इब्राहिमपुर में खूनी संघर्ष: दो पक्षों में जमकर चले लाठी-डंडे और पत्थर, 8 घायल, वीडियो वायरल
रिपोर्ट दिशा शर्मा
पारिवारिक विवाद ने लिया हिंसक रूप, पुलिस ने शुरू की आरोपियों की तलाश
हरिद्वार।
जनपद हरिद्वार के पथरी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम इब्राहिमपुर में पारिवारिक विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। दो पक्षों के बीच हुए इस विवाद में जमकर लाठी-डंडे, घूंसे और ईंट-पत्थर चले, जिसमें करीब 6 से 8 लोग घायल हो गए। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके आधार पर पुलिस जांच में जुट गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रियासत पुत्र लियाकत और शौकित पुत्र खां मोहम्मद के बीच लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था। इसी विवाद के चलते दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। पहले कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। आरोप है कि शौकित ने गांव के ही कुछ लोगों को बुलाकर रियासत पक्ष पर हमला कर दिया।
इसके बाद दोनों पक्षों के दर्जनों लोग मौके पर एकत्र हो गए और जमकर लाठी-डंडों व ईंट-पत्थरों से एक-दूसरे पर हमला किया। वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि दोनों ओर से काफी देर तक हिंसक झड़प जारी रही और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। ग्रामीणों द्वारा ही इस घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा किया गया।
घटना में घायल हुए लोगों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुके थे।
थाना प्रभारी पथरी रविंद्र कुमार ने बताया कि मामला जमीन बंटवारे के विवाद से जुड़ा है। पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान कर रही है और उनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। उन्होंने कहा कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।



