अवैध खनन के सहारे चल रहे श्यामपुर के भंडारण, जिला खान अधिकारी बोले—जल्द होगी कार्रवाई।

रिपोर्ट: दिशा शर्मा !
हरिद्वार/श्यामपुर।श्यामपुर क्षेत्र में अवैध खनन का बड़ा खेल सामने आया है। आरोप है कि क्षेत्र में संचालित दो खनिज भंडारण केंद्र पूरी तरह अवैध खनन सामग्री के सहारे चल रहे हैं। वैध खनन के नाम पर यह पूरा कारोबार कथित रूप से सैकड़ों बुग्गियों के जरिए संचालित किया जा रहा है, जो अपने आप में गंभीर मामला माना जा रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रतिबंधित क्षेत्र होने के बावजूद बुग्गियों के माध्यम से खनन सामग्री एकत्रित की जाती है और बाद में बड़े-बड़े डंपरों में भरकर उत्तर प्रदेश सहित प्रदेश के बाहर भेजी जाती है। इससे न केवल राजस्व को नुकसान हो रहा है, बल्कि प्रशासनिक व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि इस संबंध में कई बार उच्च अधिकारियों से शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई की जाती, तो अवैध खनन का यह नेटवर्क इतना बड़ा रूप नहीं लेता।
सबसे हैरानी की बात यह है कि श्यामपुर क्षेत्र में पिछले कई वर्षों से खनन पर पूरी तरह प्रतिबंध है। इसके बावजूद दोनों खनिज भंडारण केंद्रों से प्रतिदिन सैकड़ों टन खनन सामग्री उत्तर प्रदेश भेजे जाने की चर्चा क्षेत्र में जोरों पर है। ऐसे में यह सवाल उठना स्वाभाविक है कि जब क्षेत्र में खनन बंद है, तो आखिर यह सामग्री आ कहां से रही है।उधर, जिला खान अधिकारी मोहम्मद काज़ी ने बताया कि इस संबंध में शिकायतें प्राप्त हुई हैं और कुछ वीडियो भी उनके संज्ञान में आए हैं। उन्होंने कहा कि मामले की जांच कर जल्द ही आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।अब देखने वाली बात यह होगी कि प्रशासन कब तक इस कथित अवैध खनन और खनिज भंडारण के नेटवर्क पर शिकंजा कस पाता है, या फिर यह खेल यूं ही चलता रहेगा।



