हरिद्वार–लक्सर मार्ग पर भीषण सड़क हादसा।
कार और बैटरी ऑटो की आमने-सामने भिड़ंत, तीन की मौके पर मौत
चार गंभीर घायल, कार पुलिया से नीचे खड्ड में गिरी।
रिपोर्ट:अरुण कश्यप!
पथरी।हरिद्वार–लक्सर मार्ग पर रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा पथरी थाना क्षेत्र के फेरूपुर गांव के पास पत्थर वाली पुलिया पर हुआ, जहां तेज रफ्तार कार और बैटरी ऑटो रिक्शा की आमने-सामने जबरदस्त भिड़ंत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि बैटरी ऑटो रिक्शा के परखच्चे उड़ गए, जबकि कार पुलिया से नीचे खड्ड में जा गिरी। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के ग्रामीण तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पथरी थाने से एसएसआई यशवीर सिंह, फेरूपुर चौकी इंचार्ज विपिन कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से घायलों को वाहनों से बाहर निकाला और एम्बुलेंस के माध्यम से अस्पताल भिजवाया, जहां उनका उपचार जारी है। घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।पुलिस के अनुसार हादसे में कार चालक विकास कुमार (26 वर्ष) पुत्र सुशील कुमार निवासी ग्राम फेरूपुर, बैटरी ऑटो चालक आश मोहम्मद (24 वर्ष) पुत्र इनाम अली निवासी चाणचक नसीरपुर खुर्द तथा ऑटो में सवार चरण सिंह (55 वर्ष) पुत्र रमेश चंद निवासी माजरी थाना कलियर की मौके पर ही मौत हो गई।
वहीं हादसे में नीरज कुमार (30 वर्ष) पुत्र अभिराम निवासी नजीबाबाद (उत्तर प्रदेश), रंजीत (25 वर्ष) पुत्र शिवा शाह निवासी मोतिहारी (बिहार), दिव्यांश (27 वर्ष) पुत्र हरिओम तथा नैन्सी (15 वर्ष) पुत्री हरिओम निवासी बाजपुर, नैनीताल हाल निवासी पदार्था गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को पुलिस द्वारा एम्बुलेंस से अस्पताल में भर्ती कराया गया है।पुलिस ने मृतकों की शिनाख्त कर उनके परिजनों को घटना की सूचना दे दी है। क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारु कराया गया। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाना हादसे का कारण माना जा रहा है।पथरी थानाध्यक्ष मनोज नौटियाल ने बताया कि कार और बैटरी ऑटो रिक्शा की भिड़ंत में दो चालकों सहित एक यात्री की मौत हुई है, जबकि चार लोग घायल हैं। मृतकों के शव मोर्चरी में रखवाए गए हैं और परिजनों के आने के बाद पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है



