देहरादून। मेजबान उत्तराखंड ने मंगलवार को राष्ट्रीय खेलों में शानदार प्रदर्शन करते हुए दो स्वर्ण सहित कुल नौ पदक जीते। इस प्रदर्शन के बाद राज्य ने पदक तालिका में छलांग लगाते हुए 19वें स्थान से 15वें स्थान पर अपनी स्थिति सुधार ली है।
राज्य के लिए ओपन कैनोइंग सिंगल महिला वर्ग और योगासन में स्वर्ण पदक प्राप्त हुए। ओपन कैनोइंग सिंगल महिला वर्ग में रीना सैन ने स्वर्ण पदक जीता, वहीं योगासन टीम स्पर्धा में हर्षित, अजय, प्रियांशु, शशांक और रोहित की टीम ने स्वर्ण पदक हासिल किया।
बैडमिंटन में भी राज्य ने अच्छा प्रदर्शन किया और दो रजत तथा दो कांस्य पदक जीते। ओपन बैडमिंटन पुरुष एकल में सूर्याक्ष रावत, महिला युगल में अनन्या बिष्ट और एंजल पुनेड़ा ने रजत पदक प्राप्त किया। इसके अलावा, बैडमिंटन पुरुष युगल में सोहेल अहमद और चयनित जोशी, तथा महिला युगल में गायत्री और मंशा रावत को कांस्य पदक मिले।
योगासन में राज्य के पास अब पांच पदक हो गए हैं, जिसमें एक स्वर्ण, तीन रजत और एक कांस्य पदक शामिल है। दरअसल, योगासन में पहले राज्य को एक रजत पदक मिला था, लेकिन ज्यूरी के सामने प्रदर्शन के आधार पर इसे स्वर्ण में बदल दिया गया। ज्यूरी के निर्णय के बाद राज्य को यह स्वर्ण पदक दिया गया।