उत्तराखंड जल संस्थान का नाम लिखकर नाले में गंदगी डालने वाला ट्रैक्टर चालक गिरफ्तार।
रिपोर्ट: दिशा शर्मा!
हरिद्वार। उत्तराखंड जल संस्थान का नाम लिखे ट्रैक्टर के जरिए खुले नाले में अपशिष्ट जल प्रवाहित करने के मामले में नगर कोतवाली पुलिस ने ट्रैक्टर चालक को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में उत्तराखंड जल संस्थान के अपर सहायक अभियंता, जोन-प्रथम भूपतवाला की तहरीर पर कोतवाली नगर में मुकदमा संख्या 276/26 धारा 279 एवं 319(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था।
उच्चाधिकारियों के निर्देश पर चौकी प्रभारी सप्तऋषि एसआई विक्रम सिंह बिष्ट ने पुलिस टीम के साथ सुरागरसी करते हुए संबंधित ट्रैक्टर और चालक को पकड़ लिया। पूछताछ में चालक ने अपना नाम लाल सिंह निवासी ब्रह्मपुर, रुड़की बताया। उसने बताया कि ट्रैक्टर पूर्व में शिवालिक नगर जल संस्थान में कार्यरत था, जिसके कारण उस पर विभाग का नाम अंकित था। ट्रैक्टर मालिक की पिछले वर्ष मृत्यु हो जाने के बाद भी उसने नाम नहीं हटाया और उसी का लाभ उठाकर ठेके पर अपशिष्ट जल खुले नालों में डालता रहा।
पुलिस ने ट्रैक्टर को कब्जे में लेकर चौकी परिसर में सुरक्षित खड़ा करा दिया है। मामले में आगे की आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। घटना के खुलासे के बाद विभागीय नाम का दुरुपयोग कर अवैध गतिविधियों को अंजाम देने वालों पर पुलिस की कार्रवाई चर्चा का विषय बनी हुई है।



