अलकनंदा में बढ़ेगा जलस्तर
हरिद्वार जिला प्रशासन भी अलर्ट मोड पर
विष्णुप्रयाग बैराज से छोड़ा गया पानी।

रिपोर्ट दिशा शर्मा
चमोली/ हरिद्वार :विष्णुप्रयाग बैराज से अलकनंदा नदी में अचानक 70 क्यूमैक्स अतिरिक्त पानी छोड़े जाने के बाद जलस्तर में तीव्र वृद्धि की संभावना जताई जा रही है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने जानकारी देते हुए बताया कि 3 अगस्त की रात 1:54 बजे बैराज में गाद की मात्रा बढ़ने के कारण पानी का प्रवाह 112 क्यूमैक्स से बढ़ाकर 182 क्यूमैक्स कर दिया गया है।
इसके चलते नदी के निचले हिस्सों में बहाव तीव्र हो सकता है और जलस्तर अचानक बढ़ सकता है। जिलाधिकारी ने जनता से अपील की है कि वे नदी तटीय इलाकों से दूर रहें और गंगा नदी में केवल चिन्हित स्थलों पर ही सावधानीपूर्वक स्नान करें।
सभी प्रशासनिक अधिकारियों, राजस्व उपनिरीक्षकों, ग्राम विकास अधिकारियों तथा पुलिस चौकियों को हाई अलर्ट पर रखा गया है। आपदा प्रबंधन से जुड़े सभी अधिकारी IRS प्रणाली के तहत सक्रिय रहेंगे। राहत सामग्री, मेडिकल सुविधा और आवश्यक उपकरणों की व्यवस्था के निर्देश दिए गए हैं। नगर निकायों को नालियों व कलवटों की सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी जारी किए गए हैं, ताकि किसी प्रकार की जलभराव की स्थिति न उत्पन्न हो।



