रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार हुआ कानूनगो,
विजिलेंस की बड़ी कार्रवाई से तहसील में हड़कंप।
रिपोर्ट नीरज कुमार रनखंडी।
लक्सर। तहसील में शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया जब विजिलेंस टीम ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए कानूनगो सुभाष को बीस हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपी हाल ही में लेखपाल से प्रमोशन पाकर कानूनगो बना था और एक भूमि संबंधित कार्य के एवज में पीड़ित से घूस की मांग कर रहा था।
सूत्रों के अनुसार, पीड़ित ने विजिलेंस कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके आधार पर टीम ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया। तय रणनीति के अनुसार, पीड़ित को रिश्वत की रकम के साथ चकबंदी कार्यालय के पास भेजा गया। जैसे ही सुभाष ने बीस हजार रुपये लिए, टीम ने तुरंत दबिश दी और मौके पर ही उसे पकड़ लिया।
मौके से रिश्वत की रकम बरामद कर ली गई और आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज कर कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। विजिलेंस की टीम ने आरोपी के किराए के मकान पर भी तलाशी ली। इस कार्रवाई के बाद तहसील परिसर में चर्चा का माहौल गर्म है और अधिकारी-कर्मचारी दबे स्वर में पूरे घटनाक्रम की चर्चा कर रहे हैं।
विजिलेंस की इस सटीक और त्वरित कार्रवाई को लेकर आमजन और विभागीय स्तर पर सराहना हो रही है।



