युवक की मौत के मामले में नया मोड़, दोस्तों पर हत्या का आरोप
– हरिद्वार रेलवे स्टेशन का मामला, जीआरपी ने दर्ज किया मुकदमा
रिपोर्ट: वैशाली शर्मा/ दिशा शर्मा
हरिद्वार। हरिद्वार रेलवे स्टेशन परिसर में घायल अवस्था में मिले मुजफ्फरनगर निवासी युवक की एम्स ऋषिकेश में मौत के बाद मामला हत्या में बदल गया है। परिजनों ने दो युवकों पर साजिशन हत्या करने का आरोप लगाते हुए गंभीर सवाल खड़े किए हैं। जीआरपी ने तहरीर के आधार पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। मृतक आनंद प्रकाश उर्फ हवा निवासी मोहल्ला पछाला, मीरापुर को 16 जून को प्रिंस निवासी मोहल्ला पड़ाव चौक और अंकित उर्फ फानू निवासी पछाला हरिद्वार घूमने के बहाने साथ लेकर आए थे। 17 जून की रात करीब एक बजे मृतक के चाचा करणपाल को आरपीएफ हरिद्वार से फोन आया कि आनंद ट्रेन की चपेट में आ गया है और उसका हाथ कट गया है। उसे गंभीर हालत में एम्स ऋषिकेश में भर्ती कराया गया। परिजनों को घटना संदिग्ध लगी। हालत बिगड़ने पर आनंद को मेरठ मेडिकल अस्पताल ले जाया गया, जहां 20 जून को उसकी मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि आनंद की हत्या कर हादसे का रूप दिया गया है। जीआरपी थानाध्यक्ष अनुज सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।



