गणेश वैद
हरिद्वार। दिनदहाड़े मध्य हरिद्वार के रानीपुर के पास हथियारों से लैस लोगों के साथ पहुंचे कुछ दबंगों ने करोड़ों के भूखंड पर कब्जे कोशिश की। लेकिन भीड़ इकठ्ठा होते देख ये लोग फरार हो गए, वहीं मौके पर उनके कुछ साथी जिनमें तीन महिलाएं भी है उन्हें पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।
मिली जानकारी के मुताबिक मध्य हरिद्वार के खन्ना नगर कॉलोनी के सामने कारोबारी महेश पंजवानी का करोड़ों का भूखंड है, जिसे उन्होंने नजदीक स्थित एक अस्पताल के लिए बतौर पार्किंग के लिए दिया हुआ था। आज शनिवार सुबह असलहे से लैस कुछ लोग भूखंड पर पहुंचे और ताला लगाकर कब्जे का प्रयास करने लगे। जब वहा मौजूद तैनात सिक्योरिटी गार्ड ने उन्हें रोकना चाहा तो उसे भी धमकाया गया।
भूखंड पर कब्जे की सूचना जब भूखंड स्वामी को मिली तो वह भी मौके पर पहुंचे। तभी विरोध व भीड़ बढ़ती देख हथियार लेकर आए लोग मौके से भाग निकले जबकि उनके कुछ साथी वहीं खड़े रहे।
उधर घटना की सूचना मिलते ही एसएसआई नितिन चौहान भी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने कब्जे का प्रयास कर रहे महिला और पुरुषों को हिरासत में ले लिया। पुलिस मामले में जांच कर आगे की कार्यवाही कर रही है।



