हरिद्वार में 23 पत्रकारों की मान्यता रद्द
हरिद्वार। जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 23 पत्रकारों की शासकीय मान्यता रद्द कर दी है। बताया जा रहा है कि जिन लोगों की मान्यता समाप्त की गई है, वे पहले से ही अन्य पेशों जैसे शिक्षक, अधिवक्ता, व्यवसायी या किसी संवैधानिक पद से जुड़े हुए थे। नियमों के अनुसार ऐसे व्यक्ति सरकारी मान्यता प्राप्त पत्रकार की श्रेणी में नहीं आ सकते।
प्रशासन का कहना है कि पत्रकारिता की निष्पक्षता और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए यह कदम उठाया गया है। जांच में पाया गया कि कई लोग दोहरे पेशे में सक्रिय रहते हुए पत्रकार मान्यता का लाभ ले रहे थे, जो नियमों के विरुद्ध है।
इस कार्रवाई के बाद जिले में पत्रकारिता से जुड़े लोगों के बीच चर्चा तेज हो गई है। वहीं प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी मान्यता प्रक्रिया को सख्ती से लागू किया जाएगा।



