10 लाख की फिरौती न मिलने पर हत्या की साजिश नाकाम, रायसी पुलिस ने तीन बदमाश दबोचे
रिपोर्ट रजनीश
लक्सर क्षेत्र में पुलिस की मुस्तैदी ने एक बड़ी आपराधिक वारदात को होने से पहले ही रोक दिया। 10 लाख रुपये की फिरौती मांगकर हत्या की साजिश रच रहे तीन शातिर बदमाशों को कोतवाली लक्सर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से अवैध असलहे और कारतूस भी बरामद हुए हैं।
मामले का खुलासा करते हुए एसपी देहात शेखर चंद सुयाल ने बताया कि 19 अप्रैल को हबीबपुर कुड़ी निवासी ग्राम प्रधान पति प्रवीण कुमार नागर ने शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि एक अज्ञात नंबर से लगातार 10 लाख रुपये की फिरौती मांगी जा रही थी और रकम न देने पर जान से मारने की धमकी दी जा रही थी।
शिकायत मिलते ही रायसी चौकी प्रभारी अजय कुमार ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर वरिष्ठ उप निरीक्षक नितिन चौहान के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई, जिसने रायसी क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया।
चेकिंग के दौरान बाइक सवार तीन संदिग्ध युवक पुलिस को देखकर भागने लगे, लेकिन घेराबंदी कर पुलिस ने उन्हें दबोच लिया। तलाशी लेने पर आरोपियों के पास से दो अवैध तमंचे, चार जिंदा कारतूस और मोबाइल फोन बरामद हुए।
पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि यदि फिरौती की रकम नहीं मिलती, तो वे प्रवीण कुमार की हत्या करने की योजना बना चुके थे। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विकास उर्फ ठाकुर, आशिफ और मुराद अली के रूप में हुई है।
पुलिस ने तीनों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आर्म्स एक्ट के तहत भी कार्रवाई की है। आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है, साथ ही उनके आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।



