*जितेंद्र कुमार आत्महत्या मामला: परिजनों ने न्यायिक कार्रवाई तक रोका अंतिम संस्कार**
रिपोर्ट सिद्धांत उनियाल
तलसारी निवासी जितेंद्र कुमार आत्महत्या मामले में शुक्रवार को परिजनों और ग्रामीणों ने प्रशासन के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। तलसारी स्थित उनके घर से पार्थिव शरीर को बिलकेदार घाट ले जाया गया, लेकिन न्यायिक कार्रवाई का ठोस आश्वासन न मिलने तक परिजनों ने अंतिम संस्कार करने से इंकार कर दिया। परिजनों का कहना था कि अंतिम संस्कार के बाद जांच प्रभावित हो सकती है।=इस दौरान उक्रांद कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने कीर्तिनगर पुल पर धरना देकर ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग बाधित करने का प्रयास किया, जिससे क्षेत्र में तनावपूर्ण माहौल बन गया। लगातार समझाने-बुझाने के बावजूद परिजन अपनी मांगों पर अड़े रहे।
स्थिति बिगड़ती देख प्रशासन हरकत में आया और करीब दो घंटे की वार्ता के बाद उपजिलाधिकारी नुपूर वर्मा ने मृतक के वीडियो बयान के आधार पर न्यायिक कार्रवाई और आरोपित हिमांशु को दी गई रकम की वापसी का लिखित आश्वासन दिया।
इस बीच उक्रांद नेत्री सरस्वती देवी को हिरासत में लेने से परिजन और अधिक आक्रोशित हो उठे। हालांकि बाद में उनकी रिहाई के बाद ही मृतक का अंतिम संस्कार संपन्न हो सका।
मृतक के भाई नरेंद्र ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा नेताओं की संलिप्तता के कारण मामले को दबाने का प्रयास हो रहा है। साथ ही चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। घटनास्थल पर उक्रांद कार्यकर्ताओं के साथ ही भीम आर्मी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।



